नारी चेतना फाउंडेशन ने बाल विवाह, महिला सुरक्षा पर दी जानकारी
सुजानगंज : स्थानीय क्षेत्र के भैंसहारामपुर ग्राम पंचायत में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
नारी चेतना फाउंडेशन और हौसला DMA के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों किशोरियों और महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन सकीना बानो ने किया।
मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक ओम प्रकाश उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने महिलाओं और किशोरियों का हौसला बढ़ाते हुए बाल विवाह, महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के मुद्दों पर विस्तृत जानकारी दी।
सामाजिक कार्यकर्ता मुन्नी बेगम ने बताया कि महिलाओं के सहयोग के बिना कोई भी बदलाव अधूरा है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह 1977 से पूरे विश्व में मनाया जा रहा है। इस वर्ष (2026) की थीम 'जेंडर भेदभाव, महिला सम्मान, महिला सुरक्षा' है। उन्होंने यह भी कहा कि आज महिलाएं और बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में और अन्य बदलावों में काफी आगे आ रही हैं।
महिला सिपाही पल्लवी और हिना ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि नारी चेतना फाउंडेशन महिलाओं और बेटियों में जागरूकता लाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पल्लवी ने महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 181 और महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 सहित अन्य महत्वपूर्ण नंबरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर बेटियों ने घरेलू महिला हिंसा पर आधारित 'अब और नहीं' नामक एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन कांस्टेबल शुभम सिंह, नारी चेतना फाउंडेशन की पदाधिकारी पूजा पांडेय, सकीना बानो, प्रीति सिंह, संजू, बंदना और किशोरी लीडर पूजा पाल, हिमांगी तथा अंजली के विचारों की प्रस्तुति और नारों के साथ हुआ।