दो पक्षों के बीच सुलह-समझौते से खत्म हुआ मामला, ग्रामीण खुश
सुजानगंज:
सुजानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने लगभग 20 साल पुराने एक जमीनी विवाद का सफलतापूर्वक निस्तारण किया है। यह विवाद ग्राम इटहां में दिनेश पाठक और ओमप्रकाश पाठक के परिवारों के बीच आबादी की भूमि को लेकर चल रहा था। पुलिस टीम ने दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता कराया।
यह मामला पिछले दो दशकों से चला आ रहा था और माननीय न्यायालय में वाद सं० 192/2025 (दिनेश पाठक बनाम ओमप्रकाश पाठक) के तहत विचाराधीन था। इस विवाद को लेकर विगत वर्षों में सैकड़ों प्रार्थना-पत्र और आईजीआरएस शिकायतें दर्ज की गई थीं, लेकिन इसका समाधान नहीं हो पा रहा था।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर थाना सुजानगंज पुलिस टीम ने इस जमीनी विवाद के निस्तारण के लिए प्रभावी कार्रवाई की। थानाध्यक्ष सुजानगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई।
आपसी सहमति और बिना किसी दबाव के, दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता स्थापित किया गया। इस दौरान उपस्थित गवाहों के समक्ष सुलहनामा तैयार किया गया और दोनों पक्षों व गवाहों से शपथ-पत्र पर हस्ताक्षर कराए गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को भविष्य में किसी भी प्रकार का विवाद न करने की हिदायत दी और न्यायालय में शपथ-पत्र प्रस्तुत कर वाद वापस लेने का निर्देश दिया।
पुलिस द्वारा वर्षों पुराने इस विवाद के सफल निस्तारण पर ग्रामवासियों ने सराहना व्यक्त की है। इस समझौते को कराने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष फूलचन्द पाण्डेय, उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, कांस्टेबल अजय निर्मल और दिलीप कुमार शामिल थे।