सुजानगंज पुलिस ने नारीपुर हत्याकांड का किया खुलासा, दो सगे भाई गिरफ्तार

हत्या में प्रयुक्त लाठी और कुल्हाड़ी बरामद, दोनों आरोपित पहले भी हत्या के मामले में हो चुके हैं सजायाफ्ता

सुजानगंज, जौनपुर। 

थाना क्षेत्र के नारीपुर गांव में ओम प्रकाश मिश्र उर्फ पप्पू (58) की हत्या के मामले में सुजानगंज पुलिस ने मंगलवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नारीपुर निवासी राकेश प्रजापति (45) और गनपति प्रजापति (56) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लाठी और एक कुल्हाड़ी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, नारीपुर निवासी रोहित मिश्र ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर सूचना दी थी कि उनके पिता ओम प्रकाश मिश्र उर्फ पप्पू की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी है। उनका शव हिम्मतनगर स्थित शांति शिशु शिक्षा निकेतन के परिसर में पड़ा मिला था। मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 349/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, वैज्ञानिक तकनीक और अन्य तथ्यों के आधार पर दोनों आरोपितों के नाम प्रकाश में आए। इसके बाद पुलिस टीम ने मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई एक लाठी और एक कुल्हाड़ी भी बरामद की गई।

चाय की दुकान पर विवाद के बाद हत्या का आरोप

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि ओम प्रकाश मिश्र उनकी चाय की दुकान पर आकर शराब के नशे में विवाद करते थे। गनपति प्रजापति के कथित बयान के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को दुकान बंद करते समय ओम प्रकाश से विवाद हुआ। इसके बाद वह शांति शिशु शिक्षा निकेतन परिसर में जाकर शराब पीने लगे। इसी दौरान उसका भाई राकेश भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि दोनों भाइयों ने मिलकर ओम प्रकाश के साथ मारपीट की, जिससे उनकी हत्या हो गई।

पहले भी हत्या के मामले में सजा पाने का उल्लेख

पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उनके विरुद्ध वर्ष 2009 में सुजानगंज थाने में हत्या से संबंधित मुकदमा संख्या 06/2009, धारा 302/304 भारतीय दंड संहिता के तहत दर्ज होने का उल्लेख है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपित पूर्व में हत्या के मामले में सजायाफ्ता भी रह चुके हैं।

पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक आनंद कुमार राय सहित हेड कांस्टेबल मानस कुमार तिवारी तथा कांस्टेबल गया प्रसाद, कमलेश यादव, अमरनाथ तिवारी, रवि गुप्ता, श्यामसुंदर, सच्चिदानंद पासवान, संजीव यादव, शुभम सिंह और महिला कांस्टेबल साक्षी यादव शामिल रहीं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें संबंधित न्यायालय भेज दिया गया है।

JP 9 NEWS

JP 9 NEWS is a Hindi news portal which brings you the latest news every day.

और नया पुराने

نموذج الاتصال