क्षेत्र के सुजानगंज स्थित श्री गौरीशंकर धाम में उमड़ी भक्तों की भीड़
सुजानगंज,जौनपुर
क्षेत्र के सुजानगंज स्थित प्रसिद्ध श्री गौरीशंकर धाम में हरतालिका तीज का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं मंदिर पहुंचीं और भगवान भोलेनाथ तथा माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा की।
हरतालिका तीज पर महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखा। सुबह से ही श्री गौरीशंकर धाम में महिलाओं का पहुंचना शुरू हो गया था। उन्होंने मंदिर में भगवान शिव और माता पार्वती के सामने परिवार की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखी। महिलाओं ने पूजा के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया। उन्होंने माता पार्वती और भगवान शंकर को फल-फूल, बेलपत्र और धतूरा जैसी पूजन सामग्री चढ़ाई। 'हर-हर महादेव' के जयघोष से मंदिर परिसर भक्ति से भर गया।
इस पर्व को लेकर महिलाओं में खास उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा और व्यवस्था के लिए मंदिर परिसर में जरूरी इंतजाम किए गए थे। इससे श्रद्धालुओं को पूजा करने में कोई परेशानी नहीं हुई।